छत्तीसगढ़

धमतरी के मोंगरागहन में मेगा स्वास्थ्य शिविर, 641 ग्रामीणों को मिला निःशुल्क इलाज..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम मोंगरागहन में सेवा संकल्प अभियान के तहत एक दिवसीय निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरा द्वारा आयोजित इस शिविर में 641 ग्रामीणों ने पंजीयन कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच, परामर्श, उपचार और दवाओं का लाभ लिया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।

शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सेवाएं दीं। सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के तहत 220 मरीजों का उपचार किया गया। नेत्र जांच के लिए पहुंचे 120 लोगों में से 51 जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। इसके अलावा दंत रोग के 83, आयुर्वेद के 81, स्त्री रोग के 76, नाक-कान-गला रोग के 68, हड्डी रोग के 63 और शिशु रोग के 50 मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई।

ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर स्थल पर ही पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था की गई थी। इसमें 109 लोगों की शुगर, 102 की हीमोग्लोबिन, 100 की सिकलिंग, 15 की मलेरिया, 10 की ब्लड ग्रुप और 10 मरीजों की वीडीआरएल जांच की गई। सिकलिंग जांच में दो मरीज पॉजिटिव पाए गए, जिन्हें आगे के उपचार और देखभाल के लिए मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही 315 लोगों के रक्तचाप की जांच की गई और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।

टीबी मुक्त पंचायतों और स्वास्थ्य कर्मियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायत मोंगरागहन और अरौद डूबान के सरपंचों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए छह मितानिनों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। वहीं, दो टीबी मरीजों को पोषण आहार किट और पांच ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष धमतरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना जरूरी है। ग्रामीणों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, टीबी जैसी बीमारियों के प्रति जागरूक रहने और इलाज में देरी नहीं करने की अपील भी की गई।

Leave a Reply

Back to top button