बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के चोटिल होने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, लोरमी में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उन्हें चोट लग गई। इसके बाद उन्हें बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
बताया जा रहा है कि चोट लगने के बाद डॉक्टरों ने उनके पैर में कच्चा प्लास्टर बांधा है। घटना के बाद उनके सभी निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं। हालांकि, उन्हें किस तरह और कितनी गंभीर चोट लगी है, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के चोटिल होने की खबर के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। उनकी चोट की गंभीरता और आगे के उपचार को लेकर आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



