छत्तीसगढ़

अंबिकापुर में जगराता के लिए सड़क पर बांधी रस्सी बनी मौत का फंदा! गले में फंसते ही बाइक सवार की मौत, आयोजन समिति पर FIR..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सड़क पर बांधी गई रस्सी में फंसकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना शुक्रवार देर रात अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक की है। यहां दुर्गा पंडाल के पास जगराता कार्यक्रम के लिए सड़क पर आवागमन रोकने के उद्देश्य से रस्सी बांधी गई थी। आरोप है कि अंधेरे में रस्सी दिखाई नहीं देने के कारण बाइक सवार युवक उससे टकरा गया।

मृतक की पहचान मायापुर निवासी फैजान आलम के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग थाने पहुंचे और आयोजन समिति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आयोजन समिति के सदस्यों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क पर बांधी गई थी रस्सी, गले में फंसने से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, जयस्तंभ चौक स्थित दुर्गा पंडाल के पास जगराता का आयोजन किया गया था। इसके लिए जयस्तंभ चौक से अग्रसेन चौक के बीच सड़क के दोनों ओर बांस लगाकर मोटी रस्सी बांधी गई थी। रास्ते पर यातायात विभाग की बैरिकेडिंग भी लगाई गई थी।

बताया जा रहा है कि फैजान आलम अपने साथी समीर के साथ बाइक से अग्रसेन चौक की ओर से जयस्तंभ चौक पहुंचा। इसी दौरान सड़क पर बंधी रस्सी दिखाई नहीं देने के कारण बाइक उससे टकरा गई। रस्सी फैजान के गले में फंस गई और दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।

अस्पताल में फैजान की मौत, साथी का इलाज जारी

हादसे में फैजान और उसका साथी समीर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फैजान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, समीर का इलाज जारी है।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर रस्सी बांधी गई थी, वहां पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं थे। परिजनों ने यह भी दावा किया कि हादसे के दौरान टेंट का बांस टूटकर गिरा और उसमें लगे बिजली के तार से फैजान को करंट लगा। हालांकि, करंट लगने की बात की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

आक्रोशित लोगों ने बंद कराया कार्यक्रम

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने जगराता कार्यक्रम बंद करा दिया और थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।

आयोजन समिति के सदस्यों के खिलाफ FIR

पुलिस ने आयोजन समिति के सुरेश कन्नौजिया, संदीप अग्रवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 125(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे में सुरक्षा व्यवस्था की क्या कमी रही और दुर्घटना के लिए कौन जिम्मेदार है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Back to top button