रायपुर। छत्तीसगढ़ में युवाओं को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जिला स्तरीय ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 16 अक्टूबर 2026 को पेंड्रा के मल्टीपर्पज स्कूल के असेंबली हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
2047 तक विकसित भारत बनाने में युवाओं की अहम भूमिका
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और मेहनत से ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प साकार हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम की शुरुआत 31 अगस्त 2026 को बीजापुर जिले से हुई थी। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही इस अभियान का 21वां जिला है, जहां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
तोमर ने युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर मेहनत करने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक जानकारियों और अफवाहों से सतर्क रहने तथा किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता जांचने का संदेश दिया।
शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास पर दिया जोर
मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वहीं, कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले के युवाओं की प्रतिभा और संभावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं के प्रयास जिले की पहचान को मजबूत कर रहे हैं।
नुक्कड़ नाटक से यातायात सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश
कार्यक्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), पेंड्रा के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने और नशे से दूर रहने की आवश्यकता बताई। प्रस्तुति के माध्यम से युवा राजवीर योजना के संबंध में भी जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध फोन कॉल से सावधान रहने और व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी गोपनीय रखने की सलाह दी गई।
युवाओं को सोशल मीडिया और डिजिटल तकनीक का सुरक्षित तथा जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर हुआ व्याख्यान
कार्यक्रम में डॉ. राजेश कुमार कुशवाहा ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने इस अवधारणा और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए युवाओं को नागरिक जिम्मेदारियों तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजकों के अनुसार, शिक्षा, अनुशासन, परिश्रम, नवाचार और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से युवा विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।



