रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के अवसर पर कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। ग्राम मढ़मढ़ा में उन्होंने मां दुर्गा के चरणों के समीप बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
मढ़मढ़ा में ग्रामीणों की मांग पर दैहान के पास मंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपये, यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष के लिए 6.50 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 9 में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड, पटेल समाज भवन में किचन शेड और दैहान के पास बोर स्थापना की घोषणा की गई। गांव की सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्य और 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्यों की भी घोषणा की गई।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम मैनपुरी में मां दुर्गा के दर्शन कर श्रद्धालुओं से मुलाकात की। इसके बाद नेवरीगुड़ा में स्थापित दुर्गा पंडाल का अवलोकन किया, जहां छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, 12 ज्योतिर्लिंगों, चारों धाम, अयोध्या के भगवान श्रीराम और भगवान जगन्नाथ की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। यहां ग्रामीणों की मांग पर सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई। ग्राम दुल्लापुर में दो सीसी सड़कों के निर्माण के लिए 2.60-2.60 लाख रुपये तथा शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई।
अपने प्रवास के दौरान विजय शर्मा ग्राम सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस दौरे में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के साथ जनसंपर्क और ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर चर्चा प्रमुख रही।



