छत्तीसगढ़

कांकेर में दर्दनाक हादसा: रेलवे ट्रैक पर मोबाइल चला रहे 13 वर्षीय बच्चे की ट्रेन से कटकर मौत..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रेलवे ट्रैक पर मोबाइल चलाना एक नाबालिग बच्चे के लिए जानलेवा साबित हुआ। दल्लीराजहरा-रावघाट रेललाइन पर रविवार सुबह पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से 13 वर्षीय अमन कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंडरीपानी में रातभर मानस गान का आयोजन चल रहा था। गांव में मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने के कारण अमन अपने चार दोस्तों के साथ सुबह करीब 4 बजे गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। पांचों वहां बैठकर मोबाइल चलाने लगे। इसी दौरान अमन ने कान में ईयरफोन लगा रखा था।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 5 बजे अंतागढ़ से भानुप्रतापपुर होते हुए रायपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंची। लोको पायलट ने ट्रेन का हॉर्न बजाया, जिसके बाद बाकी बच्चे ट्रैक से हटकर भाग गए। आशंका जताई जा रही है कि ईयरफोन लगाए होने के कारण अमन को हॉर्न सुनाई नहीं दिया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रात में पंडाल में देखा था, सुबह मिली मौत की खबर

मृतक के बड़े पिता संतोष कुलदीप के मुताबिक, उन्होंने अमन को रात करीब 3 बजे मानस गान के पंडाल में उसके दोस्तों के साथ देखा था। इसके बाद वे भंडारे की व्यवस्था देखने चले गए। सुबह हादसे की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पहुंचे, जहां रेलवे ट्रैक पर अमन का शव पड़ा था। घटना की परिस्थितियों को लेकर परिवार ने चिंता जताई है।

रेलवे ट्रैक पर मोबाइल चलाना जानलेवा हो सकता है

यह हादसा एक बार फिर रेलवे ट्रैक के आसपास लापरवाही के खतरों को उजागर करता है। रेलवे लाइन पर बैठकर मोबाइल चलाना या ईयरफोन लगाकर आसपास की आवाजों को नजरअंदाज करना जानलेवा हो सकता है। बच्चों और युवाओं को रेलवे ट्रैक से दूर रहने तथा ऐसी जगहों पर मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Back to top button