छत्तीसगढ़

कोरबा में हाथी का कहर! 52 हाथियों का झुंड देखने गए ग्रामीण की मौत..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत पसान रेंज के खोडरी गांव में जंगली हाथी के हमले से 40 वर्षीय ग्रामीण प्रताप सिंह वाकरे की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गांव के पास करीब 52 हाथियों का दल मौजूद है। हाथियों की चिंघाड़ सुनकर प्रताप सिंह कुछ अन्य ग्रामीणों के साथ उन्हें देखने जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान झुंड में शामिल एक जंगली हाथी ने अचानक ग्रामीणों की ओर दौड़ लगा दी। बाकी ग्रामीण किसी तरह भाग निकले, लेकिन प्रताप सिंह पीछे छूट गए।

हाथी ने प्रताप सिंह पर सूंड से हमला किया और उन्हें पास के गड्ढे में फेंक दिया। हाथी के लौटने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला और घटना की सूचना वन विभाग को दी। घायल प्रताप सिंह को पहले पसान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के करीब जाने, भीड़ लगाने या उन्हें भगाने की कोशिश न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Leave a Reply

Back to top button