रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में कन्हार नदी के छठ घाट पर नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गहरे पानी में डूबने से झारखंड के 14 वर्षीय बालक इरशाद आलम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया बालक
जानकारी के अनुसार, झारखंड के डाल्टनगंज क्षेत्र के बंदूवा गांव से कुछ लोग अपने बच्चों के साथ नवरात्र मेले में गुब्बारे बेचने के लिए रामानुजगंज आए थे। सोमवार को काम खत्म करने के बाद दोपहर करीब एक बजे तीन बच्चे मंदिर के सामने स्थित कन्हार नदी के छठ घाट पर नहाने पहुंचे। इसी दौरान 14 वर्षीय इरशाद आलम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घटना के बाद उसके साथ मौजूद बच्चों ने दौड़कर परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बालक की तलाश शुरू कर दी।
दो घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय युवकों ने नदी में उतरकर बालक की तलाश शुरू कर दी थी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 3:20 बजे बालक का शव पानी से बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान इस्ताक अंसारी के 14 वर्षीय बेटे इरशाद आलम के रूप में हुई है। त्योहार के दौरान हुए इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
त्योहार के माहौल में पसरा मातम
नवरात्रि के अवसर पर रामानुजगंज के मां महामाया मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ थी। इसी बीच हुए इस हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया। घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।



