कवर्धा। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में भव्य स्वागत किया गया। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान किया और रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।
राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली रैली
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित इस रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना है। इस दौरान विजय शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके आदर्श आज भी देश की एकता और अखंडता के लिए प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुंचेगा संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित यह बाइक रैली देश के 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों में राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएगी। अभियान को चार जोन में विभाजित किया गया है। मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश शामिल हैं।
ओडिशा के भुवनेश्वर से शुरू हुई रैली महासमुंद और रायपुर होते हुए कबीरधाम पहुंची। यहां से रैली मध्यप्रदेश के जबलपुर, भोपाल और इंदौर होते हुए आगे बढ़ेगी। अभियान का समापन 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात के एकता नगर में होगा।
पुलिस बाइक राइडर्स का किया सम्मान
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ओडिशा पुलिस के बाइक रैली दल के लीडर समर सिंह और छत्तीसगढ़ पुलिस दल के लीडर रविन्द्र गिरी सहित अन्य बाइक राइडर्स को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान युवाओं और नागरिकों ने भी नशामुक्ति के संदेश के साथ अभियान में सहभागिता की।
कबीरधाम पुलिस की टीम भी बाइक राइडर्स के साथ शामिल हुई और जिले की सीमा धवईपानी तक उनके साथ यात्रा कर राष्ट्रीय एकता एवं नशामुक्ति का संदेश दिया।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की गई। साथ ही मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



