छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की कला प्रतिभाओं का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, दो कलाकारों को मिला बड़ा सम्मान..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। प्रदेश के दो प्रतिभाशाली कलाकारों, जशपुर के डॉ. आनन्द पाण्डेय और सारंगढ़ के घनश्याम साहू को संगीत नाटक अकादमी के प्रतिष्ठित उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के रंगमंच, नाट्य लेखन और छत्तीसगढ़ी सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

जशपुर के डॉ. आनन्द पाण्डेय को अभिनय के लिए सम्मान

जशपुर के डॉ. आनन्द पाण्डेय को रंगमंच के क्षेत्र में उत्कृष्ट अभिनय के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया है। आदिवासी अंचल में रंगमंच की परंपरा को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि जशपुर सहित पूरे सरगुजा क्षेत्र के रंगकर्मियों और युवा कलाकारों के लिए प्रेरणादायी है।

सारंगढ़ के घनश्याम साहू को नाट्य एवं पटकथा लेखन में सम्मान

सारंगढ़ के घनश्याम साहू को विशिष्ट नाट्य लेखन और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में प्रभावशाली पटकथा लेखन के लिए राष्ट्रीय सम्मान मिला है। उनके कार्यों ने प्रदेश की भाषा, साहित्य, रंगमंच और सिनेमा की रचनात्मक पहचान को आगे बढ़ाने में योगदान दिया है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने दी बधाई

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने दोनों कलाकारों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती कला, संस्कृति और सृजनशीलता की समृद्ध विरासत से परिपूर्ण है। प्रदेश के दूरस्थ वनांचलों और छोटे कस्बों से निकलकर कलाकारों का राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।

मंत्री ने कहा कि दोनों कलाकारों की सफलता युवा पीढ़ी, रंगकर्मियों, साहित्यकारों और सिनेमा से जुड़े रचनाकारों को प्रेरित करेगी। ऐसी उपलब्धियां छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करती हैं और कला-संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहन देती हैं।

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक प्रतिभा को मिली नई पहचान

उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार भारतीय प्रदर्शन कलाओं के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है। छत्तीसगढ़ के दो कलाकारों को यह पुरस्कार मिलना प्रदेश की समृद्ध नाट्य परंपरा और रचनात्मक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली उपलब्धि है।

जशपुर के डॉ. आनन्द पाण्डेय और सारंगढ़ के घनश्याम साहू की इस सफलता से प्रदेश के कलाकारों में उत्साह बढ़ेगा। दोनों कलाकारों की उपलब्धि छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और रचनात्मक विरासत के लिए गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Back to top button