धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। बिलासपुर के सेंट जोसेफ स्कूल से अंबिकापुर जा रही एक कार धरमजयगढ़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 78 वर्षीय नन अग्नेस डेविड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार ननों समेत पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं।
सुबह 10 बजे के करीब हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कार मंगलवार सुबह करीब 6 बजे बिलासपुर से अंबिकापुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग 10 बजे धरमजयगढ़ के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सेंट जोसेफ स्कूल में कार्यरत थीं अग्नेस डेविड
हादसे में जान गंवाने वाली अग्नेस डेविड की उम्र 78 वर्ष बताई गई है। वह सेंट जोसेफ स्कूल में शिक्षिका रह चुकी थीं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वह स्कूल परिसर में रह रही थीं और अकाउंट्स का काम देख रही थीं।
पांच महिलाएं और चालक घायल
हादसे में संडनिल, बिनियालन फिलिप, जसिन्ता और सेलैस्टिन टोप्पो समेत पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं। कार चालक नवल चंद्राकर को भी गहरी चोटें आई हैं। सभी घायलों को धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



