छत्तीसगढ़

ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में चाकूबाजी, तीन युवक घायल; विवाद के बाद मची अफरा-तफरी..

रायपुर। राजधानी रायपुर में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा में बुधवार को जुलूस के दौरान कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक युवक ने चाकू से तीन युवकों पर हमला कर दिया।

घटना के बाद जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हमले में तीन युवक घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय इलाके में पुलिस बल भी तैनात था।

विवाद के बाद चाकू से हमला

जानकारी के मुताबिक, पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग ईद मिलादुन्नबी का जुलूस लेकर तात्यापारा क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर अपने पास रखे चाकू से तीन युवकों पर हमला कर दिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में शामिल बताए जा रहे कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के कारणों और हमले में शामिल आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।

लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाएं

राजधानी रायपुर में पिछले कुछ दिनों से चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ी है। हाल ही में एक ही रात में चाकूबाजी की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। ऐसे में त्योहार के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद जुलूस में चाकूबाजी की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Back to top button