छत्तीसगढ़

धमतरी में सड़क हादसों का कहर, अलग-अलग दुर्घटनाओं में 3 की मौत; 2 गंभीर घायल..

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बीती रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत

पहला हादसा बोरई थाना क्षेत्र के घुटकेल गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

बताया जा रहा है कि मृतकों में रायगढ़ा, ओडिशा निवासी अभय सतनामी और बरमारू शामिल हैं। वे अपने रिश्तेदार के घर नगरी में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद तीन लोग एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान घुटकेल के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

इलाज के दौरान घायल ने तोड़ा दम

दूसरी दुर्घटना सिहावा थाना क्षेत्र के मल्हारा गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि सुमंत शांडिल्य किसी काम से थाना गया था। वापस लौटने के दौरान वह गांव के पास सड़क हादसे में घायल अवस्था में मिला।

ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों मामलों में मर्ग कायम कर दुर्घटनाओं के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button