छत्तीसगढ़

बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक सवार 3 युवकों को कुचला, मौके पर मौत..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तखतपुर थाना क्षेत्र की जूनापारा पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

टक्कर के बाद 30 फीट तक घसीटी बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जूनापारा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रक बाइक को काफी दूर तक घसीटता रहा। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों से संपर्क कर मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

ट्रक चालक हादसे के बाद फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मुख्य मार्गों और आसपास के इलाकों में ट्रक की तलाश कर रही है।

फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और फरार चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button