बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नारायणपुर से रायपुर जा रहे कच्चे लोहे से लदे 14 चक्का ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक धू-धूकर जलने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने चलते ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया।
रात 1:15 बजे अचानक ट्रक से उठने लगा धुआं
जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक CG-04-QH-9770 नारायणपुर से कच्चा लोहा लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुरूर थाना क्षेत्र में बिजली कार्यालय के सामने रात करीब 1 बजकर 15 मिनट पर वाहन से अचानक धुआं उठने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते पूरा ट्रक लपटों से घिर गया।
चालक ने चलते वाहन से लगाई छलांग
आग की भयावहता को देखते हुए चालक ने बिना देर किए ट्रक से छलांग लगा दी। समय रहते वाहन से बाहर निकलने के कारण उसकी जान बच गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, ट्रक और उसमें लदे माल को भारी नुकसान पहुंचा है।
आधे घंटे बाद पहुंची दमकल की टीम
घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग को बुलाया गया। करीब आधे घंटे बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन तब तक आग पूरे ट्रक में फैल चुकी थी। काफी प्रयासों के बावजूद वाहन को बचाया नहीं जा सका और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक नारायणपुर निवासी रामानंद यादव का बताया जा रहा है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुरूर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुए इस हादसे में सबसे बड़ी राहत यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते अपनी जान बचा ली।



