छत्तीसगढ़

भारी बारिश के बीच हादसा, नदी में बहा ग्रामीण; दूसरे दिन तैरता मिला शव..

बलरामपुर। उत्तर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजपुर क्षेत्र में नदी पार करते समय 55 वर्षीय ग्रामीण तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। शुक्रवार को लापता हुए ग्रामीण का शव शनिवार को नदी में तैरता हुआ मिला।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम परसागुड़ी घुटरापारा निवासी चैतू पिता रूकड़ (55) अपने साथी सिंगचौरा निवासी बंशी के साथ परसागुड़ी से सिंगचौरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों चोरकाधोबा गेउर नदी को पार कर रहे थे। अचानक नदी का बहाव तेज होने से चैतू पानी की चपेट में आ गया और बह गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया तलाश अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। राजपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया। शुक्रवार देर तक खोजबीन के बावजूद चैतू का कोई सुराग नहीं मिल सका।

शनिवार को भी पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में तलाश जारी रखी। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे परसागुड़ी से करीब एक किलोमीटर नीचे मोड़ के पास नदी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। शव की पहचान चैतू के रूप में की गई।

भारी बारिश के कारण उफान पर नदी-नाले

क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नदी और नाले उफान पर हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों को पार करने से बचें और तेज बहाव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Back to top button