बेमेतरा। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढारा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। आपसी विवाद के चलते छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की गैती से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रदीप साहू के रूप में हुई है। शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने गुस्से में आकर गैती उठाकर बड़े भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में प्रदीप साहू गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह दोनों भाइयों के बीच हुआ आपसी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।



