कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुरी में तालाब की सफाई के दौरान एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। गणेश तालाब में सफाई कार्य कर रहे 50 वर्षीय श्यामलाल सारथी की जलकुंभी में फंसने से डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत द्वारा गणेश तालाब की सफाई का कार्य ठेके पर कराया जा रहा था। सोमवार को श्यामलाल सारथी सफाई के लिए तालाब के गहरे हिस्से में उतरा था। इसी दौरान वह तालाब में फैली घनी जलकुंभी में उलझ गया और बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नगर सेना के गोताखोरों की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने शव को तालाब से बाहर निकाला।
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मजदूर को बिना लाइफ जैकेट, सुरक्षा रस्सी और अन्य सुरक्षा उपकरणों के तालाब में उतारा गया था, जिससे यह हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



