छत्तीसगढ़

वन विभाग की कोशिशें नाकाम, गंभीर घायल हथनी ने उपचार के दौरान दम तोड़ा..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुई मादा हाथी की मौत हो गई। घरघोड़ा वनपरिक्षेत्र के चारमार क्षेत्र में सोमवार रात हुई इस घटना के बाद वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों ने पूरी रात हथनी का इलाज किया, लेकिन मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, हथनी रेलवे ट्रैक पार कर रही थी, तभी अडानी कोल माइंस से संबंधित एक मालगाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल उपचार शुरू किया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर ले जाने की तैयारी भी की जा रही थी, लेकिन सुबह उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

वन मंडल अधिकारी के निर्देश पर उप वन मंडल अधिकारी आशुतोष पांडव, वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत सिंह सहित वन विभाग की टीम पूरी रात मौके पर डटी रही। हथनी के उपचार और निगरानी के लिए चार डॉक्टरों और वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई थी।

वन विभाग के मुताबिक, घटना स्थल के आसपास 40 से अधिक हाथियों का दल विचरण कर रहा है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही लोगों से हाथियों के करीब न जाने और भीड़ न लगाने की अपील की गई है।

रायगढ़ जिले में लगातार हो रही हाथियों की मौतें वन्यजीव संरक्षण के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। इस घटना ने रेलवे ट्रैक के आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था और एहतियाती उपायों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button