छत्तीसगढ़

भाई को बंधक बनाकर युवती से गैंगरेप का आरोप, बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई..

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से महिलाओं की सुरक्षा को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। बसंतपुर थाना क्षेत्र के वाड्रफनगर चौकी अंतर्गत एक 19 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने फुफेरे भाई के साथ गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने दोनों को रोक लिया और कथित रूप से जबरन कोटराही जंगल की ओर ले गए। आरोप है कि युवती के भाई को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी को भी मौके पर बुलाया और अपराध को अंजाम दिया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता और उसका भाई किसी तरह वहां से निकलकर वाड्रफनगर थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की तथा पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द ही आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

Leave a Reply

Back to top button