रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2014 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी एस. जयवर्धन को केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें नई दिल्ली स्थित केंद्रीय गृह मंत्रालय में उप सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत की गई है।
चार साल के लिए होगी नियुक्ति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एस. जयवर्धन की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से चार साल की अवधि के लिए या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। इस संबंध में भारत सरकार की ओर से छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को ई-मेल भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन सप्ताह के भीतर संभालना होगा पदभार
निर्देशों के मुताबिक, अधिकारी को तत्काल अपने वर्तमान दायित्वों से मुक्त कर गृह मंत्रालय में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए कार्यमुक्त किया जाना है। साथ ही, DoPT के नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर नए पद पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
निर्धारित समय-सीमा के भीतर पदभार ग्रहण नहीं करने पर केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत अधिकारी को अयोग्य घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
एस. जयवर्धन की इस नियुक्ति को छत्तीसगढ़ कैडर के एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को केंद्र में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।



