News

आकाशीय बिजली बनी काल: 2 मनरेगा मजदूरों की दर्दनाक मौत, 5 घायल, गांव में पसरा मातम..

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र के कलगांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मनरेगा के तहत चल रहे तालाब निर्माण कार्य के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, कलगांव में मनरेगा योजना के तहत तालाब निर्माण का कार्य चल रहा था, जिसमें करीब 50 मजदूर काम कर रहे थे। सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कई मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर आ गिरी।

बिजली गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गांव के उपसरपंच धनराज पटेल समेत एक अन्य मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन महिला और दो पुरुष मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबरा गए। कुछ देर तक लोगों को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। जब मजदूरों को जमीन पर गिरा देखा गया तब ग्रामीण उनकी मदद के लिए दौड़े।

कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर बारिश और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों एवं पेड़ों के नीचे खड़े होने के खतरों को उजागर कर दिया है। पूरे गांव में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Back to top button