रायपुर। प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई जिलों में नदियां उफान पर हैं। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के नवापारा, सोमवारी बाजार, नेहरू घाट, पारागांव, कुटीपारा और टीला समेत नदी किनारे बसे कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। नवापारा क्षेत्र में बाढ़ का पानी करीब 8 फीट तक बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। अब तक करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। राहत केंद्रों में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
इसी बीच राजस्व एवं आपदा मंत्री टंक राम वर्मा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और राहत शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मंत्री ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान तत्काल राहत के तौर पर प्रभावित परिवारों को 5-5 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए।
मंत्री टंक राम वर्मा ने अधिकारियों को बाढ़ से हुए जान-माल, फसलों और मकानों के नुकसान का त्वरित और सटीक सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे पूरा होने के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC 6-4) के प्रावधानों के अनुसार पात्र प्रभावितों को प्राथमिकता से मुआवजा राशि का भुगतान किया जाएगा।
सरकार की ओर से क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण में भी हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवार जल्द से जल्द सामान्य जनजीवन की ओर लौट सकें।



