नारायणपुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच माड़ीन नदी में अचानक पानी बढ़ने से ग्राम तारागांव में एक ग्रामीण बाढ़ के पानी के बीच फंस गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और नगर सेना की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर 55 वर्षीय ग्रामीण को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, तारागांव निवासी गोपी राम पटेल अपने खेत में बंधे बैल को खोलने के लिए नदी किनारे गए थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और वे चारों तरफ से पानी से घिर गए। अपनी जान बचाने के लिए गोपी राम पास के एक आम के पेड़ पर चढ़ गए और कई घंटे तक वहीं फंसे रहे।
ग्रामीण के फंसे होने की सूचना मिलने पर एसडीओपी छोटेडोंगर, जिला सेनानी नगर सेना और थाना प्रभारी धौड़ाई के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव और विपरीत परिस्थितियों के बीच टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर गोपी राम को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद उन्हें तत्काल धौड़ाई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी जांच की और उन्हें भोजन उपलब्ध कराया। फिलहाल उनकी स्थिति सुरक्षित बताई गई है।
वहीं, ओरछा विकासखंड के ग्राम कलमानार में भी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले 9 परिवारों को सुरक्षित स्थानों और उनके रिश्तेदारों के घर शिफ्ट करा दिया है। प्रशासन की टीमें प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन ने भारी बारिश को देखते हुए लोगों से उफनती नदियों-नालों, निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति या जलभराव की सूचना के लिए जिला कंट्रोल रूम के नंबर 07781-252214 पर संपर्क किया जा सकता है।



