छत्तीसगढ़

घुनघुट्टा बांध में छात्र की मौत, 15 घंटे बाद SDRF ने बरामद किया शव..

अंबिकापुर। घुनघुट्टा बांध में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र ऋतिक साहू की मौत का मामला सामने आया है। गुरुवार को बांध पहुंचने के बाद ऋतिक पानी में चला गया था। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और मछुआरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, हालांकि अंधेरा होने के कारण उसी दिन तलाशी अभियान शुरू नहीं हो सका।

शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बांध में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 15 घंटे की तलाश के बाद दोपहर लगभग 1 बजे ऋतिक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि घटना से कुछ समय पहले ऋतिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म से जुड़ा एक वीडियो/दृश्य स्टेटस के रूप में शेयर किया था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पोस्ट और घटना के बीच कोई सीधा संबंध फिलहाल स्थापित नहीं हुआ है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

ऋतिक मणिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर चौक का रहने वाला था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसने इसी वर्ष निजी स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास कर कॉलेज में प्रवेश लिया था। उसके पिता की कई वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। बेटे की अचानक मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Back to top button