छत्तीसगढ़

अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी DSP से मारपीट, वाहन के शीशे तोड़े; 6 आरोपी गिरफ्तार..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी DSP के साथ मारपीट और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना मणीपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

साइड देने और DJ की तेज आवाज को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए एक समिति के लोग डीजे के साथ जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेनी DSP निशांत कुर्रे अपनी गाड़ी से वहां से गुजर रहे थे। वाहन को साइड देने को लेकर विवाद शुरू हुआ।

बताया गया कि डीजे की तेज आवाज को लेकर भी DSP ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी।

गाड़ी के शीशे भी तोड़े

विवाद के दौरान आरोपियों ने ट्रेनी DSP के वाहन में भी तोड़फोड़ की और शीशे तोड़ दिए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने के लिए मणीपुर थाने से अतिरिक्त बल बुलाया। इसके बाद पुलिस ने DSP को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

6 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट और तोड़फोड़ में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी नशे में थे या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। मामले में आगे की वैधानिक जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button