सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कुम्हाररास स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास सुकमा पुलिस की एक शासकीय वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। वाहन में आग लगते ही पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
चलती गाड़ी में अचानक उठने लगीं लपटें
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की शासकीय वाहन कुम्हाररास स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें भीषण आग की लपटें उठने लगीं।
आग का पता चलते ही वाहन में सवार जवानों ने बिना देर किए बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। समय रहते सभी पुलिसकर्मी वाहन से बाहर आ गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
धू-धू कर जलने लगी पुलिस की गाड़ी
कुछ ही देर में आग ने पूरी वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि, समय रहते जवानों के सुरक्षित बाहर निकल जाने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल पुलिस वाहन में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर आग किस वजह से लगी, इसे लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।



