कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के बागबुड़ा गांव में 55 वर्षीय किसान परदेसी राम कंवर की कीटनाशक सेवन के बाद मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, वह करीब 3 एकड़ जमीन पर खेती का काम अकेले संभालते थे और उन पर लगभग 30 हजार रुपये का कर्ज भी था। परिजनों ने बताया कि खेती की जिम्मेदारी और कर्ज को लेकर वह अक्सर परेशान रहते थे।
बताया गया कि बुधवार को परदेसी राम ने घर में कीटनाशक का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बेटे के मुताबिक, वह पहले भी खेती का काम ज्यादा होने और अकेले संभालने में परेशानी की बात कहते थे।
घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होंगे



