छत्तीसगढ़

धमतरी में आकाशीय बिजली का कहर, चार लोग चपेट में आए; एक की मौत, तीन गंभीर..

धमतरी ।  छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। नगरी ब्लॉक के फरसियां-बोड़र्रा मुख्य मार्ग पर गिरी बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए

जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुई। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली सड़क के पास गिरी, जिसकी चपेट में चार लोग आ गए।

एक की मौके पर मौत, तीन घायल

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गिरजा शंकर ध्रुव गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल शासकीय सिविल अस्पताल नगरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव भी बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों ने मौके की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।

लगातार बारिश के बीच हुई इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न रहने की अपील की जाती है।

Leave a Reply

Back to top button