कवर्धा/धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार के कारण दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए हैं। कवर्धा और धरमजयगढ़ में हुए हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। दोनों घटनाओं में वाहनों की जोरदार भिड़ंत हुई।
दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत
पहला हादसा कवर्धा के भोरमदेव रोड पर ग्राम राजानवागांव के पास बुधवार देर रात हुआ। यहां दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बिशनपुरा निवासी सबित यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में दो अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी है। हादसे के बाद घायलों को 112 की मदद से जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया गया। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और वह बेहोश है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बस और ट्रक में जोरदार भिड़ंत
दूसरा हादसा धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रही एक बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने घायलों की मदद की।
फिलहाल दोनों हादसों में घायलों का उपचार जारी है। पुलिस घटनाओं के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे होने की बात भी सामने आ रही है।



