बस्तर । संभाग में तेंदूपत्ता गोदामों में लगातार दो बड़ी आगजनी की घटनाओं ने वन विभाग में हड़कंप मचा दिया है। बीजापुर और बस्तर जिले में हुए इन हादसों में करोड़ों रुपये मूल्य का तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गया
बीजापुर में हुए एक निजी गोदाम अग्निकांड में करीब 18 हजार बोरे तेंदूपत्ता पूरी तरह नष्ट हो गए, जिससे लगभग 10 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए बीजापुर DFO रमेश कुमार जांगड़े को पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर सागर जाधव को नया DFO नियुक्त किया गया है
इसी बीच, बस्तर जिले के सरगीपाल स्थित सरकारी तेंदूपत्ता गोदाम में भी अचानक आग लग गई, जहां सुकमा जिले का पुराना स्टॉक रखा हुआ था। आग में करीब 1000 बोरे तेंदूपत्ता जलकर नष्ट हो गए। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वन विभाग ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का सही आकलन और जिम्मेदारी तय करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



