राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। छुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम भोलापुर और शिकारी महका मोड़ के पास स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कुल 4 लोगों की मौत हो गई।
बाइक सवार 3 लोगों में से 2 की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
स्कॉर्पियो सवार बुजुर्ग ने भी तोड़ा दम
हादसे में स्कॉर्पियो में सवार चार लोगों में से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही छुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यह हादसा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।



