छत्तीसगढ़

बहू की प्रताड़ना से परेशान सास ने उठाया खौफनाक कदम, दीवार पर छोड़ा सुसाइड नोट..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबन मोहल्ले में 40 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी के रूप में हुई है। आत्महत्या से पहले उसने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा और घर की दीवार पर सुसाइड नोट भी लिखा। इसमें उसने अपनी बहू और उसके मायके वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

बहू से विवाद की बात आई सामने

जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी मानिकपुरी के पहले पति की कोरोना काल के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने 13 जून 2025 को कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी। कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं।

लक्ष्मी के पहले पति से दो बेटे थे, जबकि दूसरे पति के भी दो बेटे हैं। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही लक्ष्मी की अपनी बहू पूर्णिमा महंत से अक्सर कहासुनी और विवाद होता था। परिजनों के अनुसार, इन विवादों के कारण लक्ष्मी काफी परेशान रहती थीं।

घटना से पहले घर में हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को घटना से ठीक पहले घर में पति, बहू और बेटों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद लक्ष्मी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

आत्महत्या से पहले उन्होंने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था, जिसमें उन्होंने पहले पति के बेटे और बहू पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। इसके अलावा दीवार पर लिखे सुसाइड नोट में उन्होंने बहू पूर्णिमा और उसके मायके वालों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया।

सुसाइड नोट में उन्होंने यह भी लिखा कि उनके पति का इसमें कोई हाथ नहीं है और वह अपने बच्चों को पति के हाथों सौंप रही हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वीडियो और सुसाइड नोट को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button