सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रेण नदी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतकों में पिता-पुत्र और दो सगे भाई शामिल हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है।
ढोघट घाट पर हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह सरस्वतीपुर के कोन्हाखार के पास स्थित रेण नदी के ढोघट घाट पर हुआ। विवेक कुमार सिंह (45) अपने बेटे अभिजीत सिंह (20) और रिश्तेदार के दो बच्चों गोपाल कृष्ण (13) व कृष्ण गोपाल (14) के साथ नदी में स्नान करने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान चारों गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। मृतकों में गोपाल कृष्ण और कृष्ण गोपाल सगे भाई थे। उनके पिता जितेंद्र सिंह सेना के पूर्व जवान बताए गए हैं।
दशहरा मनाने बिहार से आए थे रिश्तेदार
जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार सिंह की पत्नी नेहा सिंह सूरजपुर क्षेत्र के चंदरपुर में ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। वह अपने बेटे अभिजीत के साथ यहां रहती हैं। दशहरा का त्योहार मनाने के लिए विवेक कुमार सिंह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बिहार के कटिहार जिले से सूरजपुर आए थे।
परिवार के सभी सदस्य त्योहार के अवसर पर एक साथ समय बिताने पहुंचे थे। शनिवार को उन्हें वापस बिहार लौटना था। इससे पहले विवेक कुमार सिंह पंपापुर स्थित महामाया मंदिर गए थे। इसके बाद वह अपने बेटे और रिश्तेदार के दोनों बच्चों के साथ रेण नदी के घाट पर पहुंचे, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।
परिजनों के पहुंचते ही मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन बिहार के कटिहार से सूरजपुर पहुंचे। रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चारों के शव देखकर परिजन फूट-फूटकर रोने लगे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक
सूरजपुर जिले में हुई इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त किया है। एक ही हादसे में चार लोगों की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



