बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर अंबिकापुर से रायपुर जा रही एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोगों के घायल होने की शुरुआती जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे सिमगा थाना क्षेत्र के दरचुरा गांव के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि रॉयल कंपनी की यात्री बस में करीब 22 यात्री सवार थे। ट्रक से टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
गैस कटर से निकाले गए फंसे यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। घायलों को तत्काल सिमगा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों और घायलों के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



