छत्तीसगढ़

राजनांदगांव में सनसनीखेज वारदात: पति ने पत्नी को नदी में धकेला, डूबने से मौत..

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में घरेलू विवाद के बीच पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति अपनी पत्नी को घूमने के बहाने मोहारा नदी के पास ले गया और विवाद के दौरान उसे पानी में धक्का दे दिया। नदी में डूबने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे राजनांदगांव जिला जेल भेज दिया गया है।

घूमने के बहाने नदी के पास ले गया

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है। आरोपी मयूर मेश्राम उर्फ रिंकू और उसकी पत्नी नीलम मेश्राम के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।

बताया गया है कि 21 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे आरोपी अपनी पत्नी को घूमने के बहाने मोहारा नदी स्थित एक छोटे पुल के पास ले गया। वहां दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर नीलम को बहते पानी में धक्का दे दिया।

तैरना नहीं जानती थी महिला

पुलिस के अनुसार, आरोपी को पता था कि उसकी पत्नी को तैरना नहीं आता। पानी में गिरने के बाद नीलम डूब गई और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने खुद अपने साले को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मृतका के परिजनों की शिकायत पर बसंतपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए 22 अक्टूबर को आरोपी मयूर मेश्राम को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे राजनांदगांव जिला जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Back to top button