रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। वेबसाइट खोलने पर पाकिस्तानी झंडे का सिंबल और ‘Hacked by Over Threes 1337’ का मैसेज दिखाई देने लगा। इस घटना के सामने आने के बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया। मामले की शिकायत साइबर सेल से की गई है।
वेबसाइट पर दिखा संदिग्ध मैसेज
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की वेबसाइट पर पाकिस्तानी झंडे का सिंबल और हैकिंग से जुड़ा संदेश दिखाई दे रहा था। इससे वेबसाइट के हैक होने की आशंका जताई गई। हालांकि, वेबसाइट के साथ किसने और किस तरीके से छेड़छाड़ की, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
साइबर एक्सपर्ट की मदद से हटाया गया मैसेज
मामले की जानकारी सामने आने के बाद नगर निगम ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर एक्सपर्ट की मदद से वेबसाइट से पाकिस्तानी झंडे का सिंबल और संदिग्ध मैसेज हटा दिया गया।
साइबर सेल कर रही जांच
वेबसाइट के साथ छेड़छाड़ किसने की और इसके पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी जांच की जा रही है। साइबर सेल मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। यह मामला रायगढ़ के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया गया है।
फिलहाल, जांच के निष्कर्ष सामने आने का इंतजार है। यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि वेबसाइट पर हुई छेड़छाड़ के दौरान किसी सरकारी डेटा या नागरिकों की जानकारी को नुकसान पहुंचा है या नहीं।



