जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज, 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे जगदलपुर में बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े मुरिया दरबार में शामिल होंगी। साथ ही लालबाग मैदान में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां की हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति सुबह करीब 11 बजे जगदलपुर स्थित प्रसिद्ध मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी। इस दौरान बस्तर की पारंपरिक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं से जुड़ी गतिविधियां प्रमुख रहेंगी।
बस्तर की ऐतिहासिक परंपरा का हिस्सा है मुरिया दरबार
मुरिया दरबार बस्तर दशहरा की विशिष्ट परंपराओं में से एक है। यह जनजातीय समुदायों के पारंपरिक प्रतिनिधियों के एकत्र होने का महत्वपूर्ण अवसर माना जाता है। राष्ट्रपति की इस कार्यक्रम में सहभागिता से बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर के लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित दीर्घा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का यह दौरा बस्तर दशहरा के समापन से जुड़े आयोजनों और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



