छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगी स्मृति ईरानी, अभनपुर में कार्यकर्ताओं के साथ सुनेंगी ‘मन की बात’..

रायपुर। भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ के रायपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों नेता प्रदेश भाजपा संगठन के प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विचार परिवार के सदस्यों के साथ विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे। दौरे के दौरान स्मृति ईरानी अभनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगी।

इस दौरे की खास बात यह है कि अभनपुर में जिस स्थान पर जून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ था, उसी स्थान पर अब स्मृति ईरानी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगी।

25 अक्टूबर को अभनपुर में ‘मन की बात’

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को सुबह रायपुर पहुंचेंगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक अभनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगी।

इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक होगी। पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों एवं सह प्रभारियों, जिला प्रभारियों एवं सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी निर्धारित है। दौरे के पहले दिन भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आयोजित होने का भी कार्यक्रम है।

26 अक्टूबर को विधायक, सांसद और मंत्रियों से चर्चा

दौरे के दूसरे दिन 26 अक्टूबर को स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू विधायक, सांसद तथा मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इसके बाद निगम-मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ चर्चा होगी।

कार्यक्रम में विचार परिवार के सदस्यों के साथ बैठक भी शामिल है। इन बैठकों में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।

संगठन की आगामी रणनीति पर रहेगा फोकस

स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू का यह दो दिवसीय दौरा प्रदेश भाजपा संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजना को लेकर चर्चा होगी।

प्रवास के दौरान दोनों नेताओं के ठहरने की व्यवस्था रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में की गई है।

Leave a Reply

Back to top button