छत्तीसगढ़

पैसों के लालच में महिला टीचर की हत्या, राज खुलने के डर से 18 वर्षीय बेटे को भी मार डाला..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेठ की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड का आरोपी रजनी की सहेली का पति प्रवेश कुमार है। आरोपी पर पैसों के विवाद में महिला शिक्षिका की हत्या करने और वारदात का राज खुलने के डर से उनके बेटे की भी हत्या करने का आरोप है।

पैसे देने से इनकार करने पर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रवेश कुमार की पत्नी और रजनी बरेठ एक ही स्कूल में शिक्षिका थीं। इसी वजह से आरोपी का रजनी के घर आना-जाना था। बताया गया है कि आरोपी ने मोटर पार्ट्स के कारोबार के लिए करीब 20 लाख रुपये का लोन लिया था और उसे पैसों की जरूरत थी। वहीं, रजनी ने भी करीब 19 लाख रुपये का लोन लिया था।

आरोप है कि 9 अक्टूबर 2026 को आरोपी रजनी के घर पहुंचा और उनसे पैसे मांगे। रजनी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने झूमाझटकी के बाद रजनी को बाथरूम में खींचा, उनके सिर पर शैंपू की बोतल से वार किया और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।

बेटे को रास्ते से हटाने की रची साजिश

पुलिस के अनुसार, आरोपी को आशंका थी कि सुजल को उसके घर आने और मां के साथ मौजूद होने की जानकारी थी। इसी वजह से उसने सुजल को भी मारने का फैसला किया।

आरोप है कि आरोपी ने सुजल को अपनी कार में बैठाया और अंबिकापुर की ओर ले गया। बाद में राईं जंगल के पास उसने सुजल पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक, जब सुजल ने भागने की कोशिश की तो आरोपी ने सड़क किनारे पड़े सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार में रखकर महावीरपुर के पास ग्रामीण सड़क किनारे फेंक दिया।

CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग

10 अक्टूबर को जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के पास सुजल का शव मिला था। जांच के दौरान पुलिस को उसकी स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में मिली। इसके बाद पुलिस जब उसके घर पहुंची तो दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। घर खोलने पर बाथरूम में रजनी बरेठ का शव मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस और अंबिकापुर साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और संदिग्धों के मोबाइल फोन की लोकेशन की जांच की। इसी दौरान एक व्यक्ति की पहचान प्रवेश कुमार के रूप में हुई।

आरोपी गिरफ्तार, कई सामान बरामद

पुलिस ने प्रवेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने दोनों हत्याओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर गई और वारदात को समझने के लिए क्राइम सीन का री-क्रिएशन कराया।

पुलिस के मुताबिक, अंबिकापुर के तेंदूपारा में एक परिचित के घर से मोबाइल फोन, आभूषण और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के अनुसार, आरोपी ने पैसों के विवाद में रजनी की हत्या की और बेटे को वारदात का राज खुलने के डर से मार डाला। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

इस घटना से सूरजपुर जिले में सनसनी फैल गई है। मां-बेटे की हत्या के मामले का खुलासा होने के बाद अब पुलिस बरामद साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Back to top button