सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के करसी गांव के पास तेज रफ्तार मालवाहक पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टक्कर के बाद पलट गई पिकअप
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात एक मालवाहक पिकअप तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान करसी गांव के पास पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचे घायल
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने पिकअप की जब्त, जांच जारी
प्रतापपुर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और पिकअप चालक की क्या भूमिका थी, इसकी पड़ताल की जा रही है। चालक के नशे में होने की आशंका सहित अन्य पहलुओं पर भी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।



