धमतरी/केशकाल। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर खालेमुरवेंड के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान-चावल राशन से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की वाहन के भीतर दबने से मौत हो गई।
धमतरी से कोंडागांव जा रहा था ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक धमतरी से चावल लेकर कोंडागांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान खालेमुरवेंड के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि चालक ट्रक के भीतर ही बुरी तरह फंस गया।
क्रेन की मदद से निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रक के अंदर फंसे चालक के शव को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल चालक की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।



