छत्तीसगढ़

CG News: पत्नी को फोन कर कहा ‘आत्महत्या करने जा रहा हूं’, कुछ देर बाद घर में मिला शव..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। शहर के शीतला वार्ड निवासी 28 वर्षीय मुकेश यादव ने अपनी पत्नी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही। इसके कुछ समय बाद वह घर में फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

एक महीने से मायके में रह रही थी पत्नी

जानकारी के मुताबिक, मुकेश यादव की पत्नी पिछले करीब एक महीने से अपने मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मुकेश उसे वापस घर लाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। इसी बीच दशहरा की रात करीब 7 से 8 बजे के बीच उसने पत्नी को फोन किया और आत्महत्या करने की बात कही।

यह सुनकर पत्नी घबरा गई और उसने तुरंत अपने रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। रिश्तेदारों ने मुकेश की भतीजी को फोन किया, जिसके बाद भतीजी ने अपने दादा को पूरी घटना बताई।

घर पहुंचने पर बंद मिला दरवाजा

बेटे की चिंता में पिता तुरंत घर पहुंचे। वहां अंदर का दरवाजा बंद मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने खिड़की से अंदर झांका तो मुकेश फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

पुलिस जांच में जुटी

प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और पत्नी से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Back to top button