छत्तीसगढ़

विजयादशमी की खुशियां मातम में बदलीं! भारी वाहन की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विजयादशमी के पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। करतला थाना क्षेत्र के रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन ने इलेक्ट्रिक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पूजा का सामान छोड़कर लौट रहे थे दोनों युवक

मिली जानकारी के अनुसार, नोनबिर्रा गांव निवासी यशवंत गुप्ता (24 वर्ष) और शुभम गुप्ता (20 वर्ष) दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से जुड़े धार्मिक कार्य पूरे करने के बाद घर लौट रहे थे। मंगलवार को गांव में नौ दिनों तक स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन संपन्न हुआ था। इसके बाद दोनों युवक पूजा का सामान पंडित जी के घर छोड़ने गए थे।

वहां से इलेक्ट्रिक बाइक पर वापस लौटते समय रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर एक भारी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गणेश राम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों युवकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की पहचान करने के लिए मुख्य मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।

गांव में शोक की लहर

हादसे की खबर नोनबिर्रा गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक छा गया। यशवंत और शुभम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। त्योहार के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ मातम पसरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Back to top button