बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में दशहरा महोत्सव देखकर घर लौट रहे ग्रामीणों के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। नवागढ़ थाना क्षेत्र के साल्हेघोरी के पास 40 से अधिक लोगों से भरा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में 12 ग्रामीण घायल हो गए हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दशहरा देखकर लौट रहे थे ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, साल्हेघोरी और आसपास के गांवों के ग्रामीण दशहरा महोत्सव देखने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी एक ही ट्रैक्टर में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान साल्हेघोरी के पास अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया।
ट्रैक्टर में 40 से अधिक लोग सवार थे। वाहन पलटते ही उसमें बैठे ग्रामीणों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
नवागढ़ स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का इलाज
हादसे के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, 12 घायलों का इलाज किया जा रहा है, जबकि चार गंभीर घायलों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार और नवागढ़ थाना प्रभारी भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और घटना के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस कर रही मामले की जांच
दशहरा जैसे उत्सव के बाद हुए इस हादसे से इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है। ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने की वजह का पता लगाया जा रहा है।



