धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र के छिपली गांव में दशहरा के अवसर पर रामलीला मंचन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आग के प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे फ्लेमेबल स्प्रे से अचानक आग भड़क उठी। इसकी चपेट में आने से हनुमान का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव समेत तीन लोग झुलस गए।
अचानक भड़की आग से मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, रामलीला मंचन के दौरान कुछ लोग स्प्रे के जरिए आग का प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच आग भड़क गई और देखते ही देखते वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक युवक की हालत गंभीर
हादसे में झुलसे तीनों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हनुमान का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया है।
वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की लपटें और लोगों के बचने की कोशिश दिखाई दे रही है। इस हादसे ने दशहरा आयोजन के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



