धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात अर्जुनी थाना क्षेत्र के मुजगहन के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने दीपांशु साहू और उसके साथी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दीपांशु गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल दीपांशु को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उसके साथी के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल, विवाद के कारणों का विस्तृत खुलासा नहीं हुआ है।



