छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: सड़क हादसे में 42 वर्षीय युवक की मौत, तालाब में डूबने से 80 साल की महिला ने गंवाई जान..

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में दो अलग-अलग हादसों में एक युवक और बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पलारी थाना क्षेत्र में हुए इन हादसों के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

बाइक अनियंत्रित होकर खेत में घुसी, युवक की मौत

पहली घटना खम्हरिया और ठेलकी गांव के बीच की है। ग्राम ठेलकी निवासी 42 वर्षीय मिथलेश ध्रुव, पिता बलिराम छेदैया, बुधवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच बाइक से ड्यूटी के लिए भारुवाडीह जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी। हादसे में मिथलेश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। रात होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।

दशहरा देखने के बाद तालाब में नहाने गईं बुजुर्ग महिला

दूसरी घटना ग्राम देवसुंद्रा की है। यहां 80 वर्षीय बिटावान बाई साहू की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, गांव में दशहरा उत्सव देखने के बाद महिला घर लौटी थीं। इसके बाद वह रोज की तरह शाम को नहाने के लिए घर से करीब 200 मीटर दूर दतान मार्ग स्थित खलबोरा तालाब गईं।

काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनके बेटे संतोष और परिवार के अन्य सदस्यों ने तलाश शुरू की। तालाब के घाट पर महिला के कपड़े और लाठी मिलने से परिजनों को उनके डूबने की आशंका हुई। रात में तालाब में तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका पता नहीं चल सका।

गुरुवार सुबह तालाब के दूसरे छोर पर महिला का शव पानी में तैरता मिला। सूचना मिलने पर पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। बुजुर्ग महिला की मौत के संबंध में पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने पानी में डूबने की पुष्टि की है। दोनों घटनाओं से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Back to top button