छत्तीसगढ़

बस्तर दशहरा में मातम! विजय रथ की चपेट में आया व्यक्ति, मौके पर मौत..

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा में भीतर रैनी की रस्म से पहले बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। आठ चक्कों वाले विजय रथ के पहिए की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे व्यक्ति का पैर कट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विजय रथ को रोक दिया गया।

परिक्रमा से पहले हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, भीतर रैनी की रस्म के दौरान विजय रथ को गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है। इस परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुटे थे। बुधवार को भी रथ की परिक्रमा शुरू होने से पहले वहां भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान एक व्यक्ति रथ के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ, जिसका पैर कट गया। उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस बुलाई गई और रथ की गतिविधियां रोक दी गईं।

माता दंतेश्वरी का छत्र भी नहीं हुआ था सवार

हादसे के समय तक माता दंतेश्वरी का छत्र विजय रथ पर विराजित नहीं हुआ था। परंपरा के अनुसार, मावली परघाव की रस्म के बाद माता दंतेश्वरी के छत्र को आठ चक्कों वाले विजय रथ पर विराजित किया जाता है। इसके बाद रथ गोलबाजार की परिक्रमा करता है।

मृतक की पहचान नहीं

भीतर रैनी की रस्म को देखने के लिए हर साल हजारों लोग पहुंचते हैं। भारी भीड़ के बीच हुए इस हादसे से आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के संबंध में आगे की जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Back to top button