छत्तीसगढ़

धमतरी में खूनी वारदात: पूर्व सरपंच के बेटे दीपांशु साहू की हत्या, संदिग्ध हिरासत में..

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुजगहन में बुधवार रात पुरानी रंजिश के बीच खूनी वारदात सामने आई। सहड़ा चौक के पास दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल दीपांशु साहू की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास साहू घायल हो गया। दीपांशु पूर्व सरपंच का बेटा बताया जा रहा है।

दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मुजगहन के सहड़ा चौक के पास दीपांशु साहू और विकास साहू पर धारदार हथियार से हमला किया गया। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दीपांशु ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि विकास साहू का इलाज जारी है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अमित गोस्वामी हत्याकांड से जुड़ रही पुरानी रंजिश की आशंका

इस घटना के बाद नवंबर 2024 में हुए अमित गोस्वामी हत्याकांड की भी चर्चा शुरू हो गई है। उस समय मुजगहन बाईपास के पास स्थित तालाब से अमित गोस्वामी का शव बरामद हुआ था। उस मामले में विवाद के बाद पत्थर से हमला कर हत्या करने के आरोप दीपांशु साहू और विकास साहू पर लगे थे।

अब दीपांशु की हत्या के बाद पुरानी रंजिश को संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच बदले की भावना का कोई संबंध है या नहीं, यह अभी जांच का विषय है।

संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ

अर्जुनी थाना प्रभारी शरद ताम्रकार के अनुसार, शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने कुछ लोगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस हमले की वास्तविक वजह, संदिग्धों की भूमिका और अमित गोस्वामी हत्याकांड से संभावित संबंध की पड़ताल कर रही है। फिलहाल, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Leave a Reply

Back to top button